नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने मंगलवार को हज यात्रियों को रवाना करते समय उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 170,000 से अधिक भारतीय मुसलमान हज यात्रा पर जाएंगे। कृष्णा ने कहा कि सरकार ने हज यात्रियों की सुविधाओं को अत्यंत प्रमुखता देने के साथ ही भारत और सऊदी अरब में इनकी व्यवस्थाओं पर खासा ध्यान दिया है। हज यात्रियों के लिए आयोजित समारोह में विदेश मंत्री के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित भी मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि अब हज यात्रा की शुरूआत भोपाल और गोवा से भी की जा सकेगी। वर्तमान में देश के 19 स्थानों से हज यात्रा पर जाने की सुविधा है।
विदेश मंत्री ने कहा, ""मैं सभी हज यात्रियों को उनकी यात्रा के लिए शुभकामना देता हूं। साथ ही मैं उनसे यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा के सभी पहलुओं पर ध्यान देने का अनुरोध करता हूं।"" उल्लेखनीय है कि 45 वर्षो के इतिहास में ऎसा पहली बार है कि हज यात्री इस बार भारतीय सरकारी विमान कंपनी एयर इंडिया से यात्रा नहीं करेंगे। इस बार हज यात्री सऊदी विमान सेवा प्रदाता सऊदी अरैबियन एयरलाइंस, अल-वाफर और नसैर से यात्रा करेंगे।
भारत समाचार
रिकार्ड श्रद्धालु हज यात्रा पर जाएंगे


