नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के कारण विमान सेवा प्रभावित होने के एक दिन बाद आज मौसम साफ होने से विमानों का परिचालन सामान्य हो गया। हालांकि मध्यरात्रि के समय रनवे की दृश्यता सीमा घटकर 150 मीटर से भी कम रह जाने के कारण कुछ अंतरराष्ट्रीय विमानों की उ़डानों में तीन घंटे तक की देरी हुई। गौरतलब है कि कल घने कोहरे और लैंडिंग उपकरण के तारों में खराबी आ जाने के कारण 17 अंतरराष्ट्रीय उ़डानों को अन्य शहरों की ओर भेज दिया गया जबकि करीब 45 घरेलू उ़डानों एवं 25 विमानों के आगमन में करीब दो से पांच घंटे तक की देरी हुई। हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार मध्यरात्रि में कोहरा छाया था लेकिन सुबह होते होते आसमान साफ हो गया और आज विमान परिचालन भी सामान्य हो गया। उधर,अमृतसर, लेह और श्रीनगर की छह उ़डान रद्द करनी प़डी हैं क्योंकि वहां का मौसम खराब है।