सैन फ्रांसिस्को, 12 सितंबर। सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट और इंटरनेट सर्च इंजन याहू के बीच विज्ञापन और खोज के लिए हुए सौदे की अमेरिका का न्याय विभाग जांच पडताल कर रहा है। याहू और माइक्रोसॉफ्ट इंटरनेट सर्च बाजार में क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर है। याहू और माइक्रोसॉफ्ट ने सर्च बाजार में पहले स्थान पर काबिज गूगल को चुनौती देने के लिए जुलाई के आखिर में हाथ मिलाया था। सौदे के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट याहू के पृष्ठों के लिए सर्च और विज्ञापन टूल उपलब्घ कराएगी। इसके बदले में माइक्रोसॉफ्ट को सौदे के पहले पांच वर्षाें में 12 फीसदी राजस्व मिलेगा। याहू का आकलन है कि इस सौदे से उसे 50 करोड डॉलर की अतिरिक्त संचालन आय होगी और पूंजीगत खर्च 20 करोड डॉलर तक घट जाएगा। अमेरिकी न्याय विभाग सौदे की जांच पडताल कर रहा है। विश्लेषकों का कहना है कि दोनों कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी अब भी गूगल की हिस्सेदारी से आघे से भी कम है। ऎसे में न्याय विभाग सौदे की राह में रोडा नही अटकाएगा।