नई दिल्ली, 14 सितंबर। केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने आज आगाह किया कि मुंबई हमलों के बाद लश्कर ए तय्यबा और जैश ए मुहम्मद जैसे संगठनों के भारत में आतंकी हमले करने के लगातार जारी प्रयासों से गंभीर चुनौती उठ खडी हुई है। चिदंबरम ने कहा, लश्कर और जैश सहित आतंकी संगठन आतंकी हमले करने के प्रयास जारी रखे हुए हैं। उनका नए तरीके और नए रास्ते अपनाना जारी है। उन्हें भारत में असंतुष्ट तत्वों से समर्थन मिल जाता है। राज्यों के पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकोंके तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए चिदंबरम ने कहा कि सीमा पार आतंकवाद चिंता की बात है और भारत में निगरानी हमेशा ही चुनौती रही है। मुंबई आतंकी हमले के बाद चुनौती और गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा, हम किसी भी आतंकी खतरे से लडने के लिए हर स्तर पर अपनी तैयारियां रखेंगे। हमारा जवाब तेज और निर्णायक होगा। सुरक्षा एजेंसियों ने इस साल के पहले छह महीनों में 13 आतंकी माडयूल निष्क्रिय किए हैं।