हवा में छेडछाड करने के मामले में दो को सस्पेंड किया
Oct 7, 2009 5:10 AM
नई दिल्ली 7,अक्टूबर। उ़डते प्लेन में एयर होस्टेस से छे़डछ़ाड के मामले में एयर इंडिया मैनेजमेंट ने फ्लाइट कमांडर और सहयोगी को सस्पेंड कर दिया है। जांच में पता चला है कि कॉकपिट की हाथापाई में इन दोनों की मुख्य भूमिका थी। एयर इंडिया प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए गठित एक समिति की प्रारम्भिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। समिति इस निष्कर्ष पर पहुंची थी कि पायलट रणबीर अरोडा और चालक दल के एक अन्य सदस्य अमित खन्ना इस घटना के लिए अधिक दोषी है। इसी आधार पर इन दोनों को निलंबित कर दिया गया है। एयर होस्टेस कोमल और एक सह-पायलट सहित इन चारो विमानकर्मियों के खिलाफ नियमित विभागीय जांच के आदेश दिए गए है। फिलहाल, जांच पूरी होने तक एयर होस्टेस और सह-पायलट को भी काम से अलग रखा गया है। प्रबंधन ने एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के नेतृत्व में अलग से पांच सदस्यीय समिति भी गठित की है जो एयर होस्टेस की शिकायत पर कारवाई करते हुए जांच समिति का गठन किया तथा एयर इंडिया प्रबंधन से 15 दिन के अंदर घटना का ब्यौरा भेजने को कहा है। एयर इंडिया ने एक वक्तव्य मे इन खबरों को गलत बताया है कि इस घटना के कारण कुछ समय तक कॉकपिट में विमान संचालन के लिए कोई कर्मचारी नहीं था। वक्तव्य के अनुसार विमान संचालन में कोई रूकावट नहीं आई थी। उ़डान में ड्यूटी पर तैनात एक एयर होस्टेस ने उसके साथ छे़डछ़ाड का आरोप लगाते हुए पुलिस में भी शिकायत की थी और मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग से भी जांच की मांग की थी। तीन अक्टूबर को शारजाह से दिल्ली की एयर इंडिया की उडान संख्या आईसी-884 में उडान के दौरान पाकिस्तानी वायुक्षेत्र में यह घटना हुई थी।