नई दिल्ली। कलर्स चैनल एक बार फिर परेशानी में हैं। इस बार परेशानी का कारण सीरियल "ना आना इस देश में लाडो" हैं। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कथित रूप से एक जिला मजिस्ट्रेट का नकारात्मक चरित्र दिखाने के लिए चैनल को नोटिस भेजा हैं। मंत्रालय ने "ना आना इस देश में लाडो" के संदर्भ में कहा कि पूरे सीरियल में जिला मजिस्ट्रेट के किरदार को नकारात्मक तरीके से दिखाया गया हैं। एक हफ्ते के भीतर कलर्स चैनल को मंत्रालय से मिला यह दूसरा "कारण बताओं नोटिस" हैं। सोमवार को मंत्रालय ने कलर्स पर प्रसारित "बिग बॉस-3" में अश्लील भाषा के प्रयोग के लिए चैनल को "कारण बताओं नोटिस" जारी किया था। गौरतलब है कि सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने बुधवार को कहा था कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को स्वनियंत्रण प्रक्रिया का पालन करने की आवश्यकता है, जिससे उनके मंत्रालय को बार-बार नोटिस न भेजना पडे।