भारत समाचार
दुबई अर्थव्यवस्था के जल्द पटरी पर आने की उम्मीद

समाचार पत्र अल इत्तेहाद और अल खलीज ने दुबई के आर्थिक विकास विभाग के प्रमुख समइ अल कामजी के हवाले से कहा है कि रियलटी और निर्माण क्षेत्र के कमजोर बने रहने से मौजूदा वर्ष के पहले छह महीनों में देश की अर्थव्यवस्था में 1.47 फीसदी का संकुचन आया लेकिन वर्ष 2010 में वित्त क्षेत्र में 9.1 फीसदी और उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्र में 5.9 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद हैं जिससे अर्थव्यवस्था मंदी से उबरेगी और इसमें 2 से 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज होगी।
रियल्टी क्षेत्र में तेज विकास के दम पर अच्छी आमदनी बटोरने वाले दुबई में उस समय संकट के बादल घिर आए जब 25 नवंबर को सरकारी नियंत्रण वाली रियलस्टेट कंपनी दुबई वल्र्ड ने अरबों डॉलर की देनदारियां चुकाने के नाम पर अपने हाथ खडे़ कर दिए। इस खबर ने संयुक्त अरब अमीरात के एक सबसे ब़डे व्यापार और उद्योग केन्द्र दुबई की अर्थव्यवस्था को लेकर कई नए सवाल खडे़ कर दिए।










