हांगकांग। एशियाई बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस फेडरेशन के एक अधिकारी को घूस देकर दोहा एशियाई खेलों के लिए टीम में जगह बनाने वाले हांगकांग के स्वर्ण पदक विजेता बॉडीबिल्डर चान यान को 16 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। चान को बुधवार को घूसखोरी का दोषी करार दिया गया।
44 वर्षीय चान एशियाई खेलों से ठीक एक वर्ष पहले एक डोप टेस्ट में नाकाम रहे थे। इस कारण उन पर दो वर्षो का प्रतिबंध लगाया गया था। चान ने फेडरेशन के अधिकारी को इसी प्रतिबंध को हटाने के लिए घूस दी थी। चान ने कतर की राजधानी दोहा में 2006 में आयोजित एशियाई खेलों के दौरान 75 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण जीता था। उन पर एशियाई फेडरेशन के एक अधिकारी को 78,000 हांगकांग डॉलर (10,000 अमेरिकी डॉलर) घूस देने का आरोप साबित हुआ है। चान ने फेडरेशन के जिस सदस्य साइमन चान को घूस दिया था, उसे भी तीन वर्ष की जेल की सजा सनाई गई है। साइमन के खिलाफ तीन आरोप साबित हुए हैं। फैसला सुनाने वाले न्यायाधीश ने कहा कि साइमन ने फेडरेशन और हांगकांग का नाम खराब किया है।











