मुंबई। अभिनेत्री ऎश्वर्या राय लम्बे अंतराल के बाद बुधवार को रैम्प पर उतरी। वे "एचडीआईएल-इंडिया काउचर वीक" (एचडीआईएल-आईसीडब्ल्यू) के शुभारंभ शो में डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के संग्रह के लिए शोस्टॉपर बनीं।
शो के दर्शकों में मौजूद उनके पति अभिषेक बच्चान व सास जया बच्चान ने उनका खूब उत्साहवर्धन किया। बुधवार से शुरू हुआ यह फैशन सप्ताह 10 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें आठ डिजाइनर अपने संग्रह पेश करेंगे। जब ऎश्वर्या सफेद रंग के लहंगे में रैम्प पर उतरीं तो उनकी निगाहें लगातार अभिषेक पर थीं। शो के बाद अभिषेक ने ऎश्वर्या को गले लगाया और उनकी प्रशंसा की। शो के बाद ऎश्वर्या ने कहा कि उन्हें यह भी याद नहीं है कि वे अंतिम बार रैम्प पर कब चली थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वे किसी फैशन सप्ताह के दौरान रैम्प पर चली हैं। उन्होंने कहा, ""मनीष बहुत लंबे समय से चाहते थे कि मैं उनके लिए रैम्प पर उतरूं लेकिन मैं इतनी व्यस्त थी कि मैंने उनके पहले के शो देखे तक नहीं। मैं रैम्प पर चलना भूल गई थी लेकिन इस बार सब कुछ ठीक रहा और मैं यहां हूं।"" शो के दर्शकों में अभिषेक और उनकी मां जया के अलावा अभिनेत्री सोनम कपूर, उर्मिला मातोंडकर, रिया सेन, सोफी चौधरी और निर्देशक इम्तियाज अली भी मौजूद थे। इन सभी ने अपने पसंदीदा डिजाइनर मनीष के संग्रह के लिए खूब तालियां बजाई।











