पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में एक नवंबर को होने वाले मतदान के लिए शनिवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया।
इस चरण में राज्य के आठ जिलों की 42 सीटों पर मतदान होना है। इसके अलावा बांका संसदीय क्षेत्र में भी शनिवार को प्रचार का शोर थम गया। बिहार में छह चरणों में होने वाले मतदान के तीसरे चरण में 42 सीटों के लिए 568 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं, जिनमें 68 महिला प्रत्याशी हैं। प्रचार के अंतिम दिन जहां कांग्रेस ने महासचिव राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट, मुकुल वासनिक और अभिनेता से नेता बने राज बब्बर को मंच पर उतारा, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से सांसद शत्रुƒन सिन्हा, रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रू़डी, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जैसे दिग्गज चुनाव प्रचार करने आए।
इसके अलावा जनता दल (युनाइटेड) के लिए अध्यक्ष शरद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वोट मांगे तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से लालू प्रसाद, रघुवंश प्रसाद सिंह और राब़डी देवी ने चुनावी प्रचार किया। वहीं, लोजपा के लिए रामविलास पासवान ने भी जनता से वोट मांगा। इस चुनाव में सतारूढ़ जद (यु) के 25 और उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा के 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा राजद के 26, राजद की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के 16 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 21 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।
चौथे चरण में पटना, बेगूसराय, खगडिया, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और लखीसराय जिले में मतदान होगा। बांका संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव के लिए एक नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राज्य में सभी राजनीतिक दलों ने चौथे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। चौथे चरण में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होने वाला है, उनमें भाजपा के अश्विनी चौबे, नंद किशोर यादव, पूर्व सांसद विजय कृष्ण, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं राजद नेता शकुनी चौधरी, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह, पशुपति कुमार पारस, पूर्व मंत्री जमशेद अशरफ एवं बाहुबली अनंत कुमार सिंह प्रमुख हैं। बांका संसदीय क्षेत्र से पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह की पत्नी पुतुल सिंह और राजद की ओर से पूर्व मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव चुनावी समर में हैं। पुतुल सिंह को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और कांग्रेस का समर्थन प्राप्त है। गौरतलब है कि सांसद दिग्विजय सिंह की आकस्मिक मौत के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि तीन चरणों में अब तक विधानसभा की 140 सीटों के लिए मतदान सम्पन्न हो चुका है। गौरतलब है कि राज्य की 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21, 24 और 28 अक्टूबर को मतदान हो चुका है और अब 1, 9 और 20 नवंबर को मतदान होना है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।
भारत समाचार
बिहार चुनाव : चौथे चरण के लिए चुनाव प्रचार थमा











