पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हुआ। इस चरण में आठ जिलों की 42 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
इस बीच जमुई जिले में बेतिया के जंगलों के पास माओवादियों ने एक पुल को धमाके से उ़डाने की कोशिश की। लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बिहार के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के मुताबिक माओवादियों ने यह धमाका जमुई-चकाई मार्ग पर बने पुल को उ़डाने के लिए किया, ताकि सुरक्षाबलों की आवाजाही को बाधित किया जा सके। माओवादियों की इस कार्रवाई के तुरंत बाद बीएसएफ के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद वे जंगलों की तरफ भाग गए।
पुलिस महानिदेशक के मुताबिक सुरक्षाबल हेलिकॉप्टरों के जरिए उन इलाकों पर नजर रख रहे हैं जिस तरफ से माओवादी भागे हैं। जमुई जिले सहित राज्य के पूर्वी, मध्य और दक्षिणी इलाकों के आठ जिलों में चौथे चरण का मतदान जारी है। इस दौर में राजेय की 42 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से सभी आठ जिलों की सीमाएं सील कर दी गई हैं और यह सुनिश्चित कर दिया गया है कि इन जिलों की सीमाओं से होकर कोई भी अवांछित तत्त मतदान के इलाकों में प्रवेश न कर पाए।
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए हेलिकॉप्टर से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा नक्सल प्रभावित इलाकों में बारूदी सुरंगों से बचाव में सक्षम और सेटेलाइट फोनों से लैस पुलिस वाहन भी तैनात किए गए हैं।
भारत समाचार
बिहार में चौथे चरण का मतदान, नक्सलियों ने पुल उ़डाया











