नई दिल्ली। देश में वाहनों की बिक्री फुल स्पीड में बनी हुई है और हर महीने नया रिकार्ड बना रही है। घरेलू बाजार में सितंबर में कुल 13 लाख 29 हजार 086 वाहनों की रिकार्ड बिक्री हुई। इससे पहले अगस्त में 12 लाख 63 हजार 293 वाहनों की रिकार्ड बिक्री की गई थी। सियाम द्वारा जारी आंकडों के मुताबिक, इस साल सितंबर में कारों, मोटरसाइकिलों और कुल दोपहिया वाहनों की किसी एक महीने में सर्वाधिक बिक्री की गई और पिछले साल सितंबर की तुलना में इस साल सितंबर में वाहन बिक्री में 21.63 प्रतिशत की धमाकेदार बिक्री हुई। सितंबर 2009 में 10 लाख 92 हजार 687 वाहनों की बिक्री हुई थी। सियाम के मुताबिक, सितंबर माह में कारों की बिक्री 30.38 प्रतिशत बढकर 1,69,082 इकाइयों की रही, जबकि बीते साल इसी माह 1,29,684 कारें बिकी थी। यह बिक्री किसी एक महीने में अब तक की सबसे अधिक बिक्री है। इसी तरह, मोटरसाइकिलों की बिक्री 15.50 प्रतिशत बढत के साथ 7,78,352 इकाइयों की रही, जबकि बीते साल सितंबर में 6,73,893 मोटरसाइकिलें बिकी थी। इससे पहले सबसे अधिक 7,27,542 मोटरसाइकिलें इसी साल अगस्त में बिकी थी। सितंबर में कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री रिकार्ड 10,05,162 इकाइयों की रही जो बीते साल सितंबर में बिके 8,38,152 दोपहिया वाहनों के मुकाबले 19.93 प्रतिशत अधिक है। इससे पहले सबसे अधिक 9,57,304 दोपहिया वाहनों की बिक्री इसी साल अगस्त में हुई थी।
भारत समाचार
धमाकेदार हुई कारों की बिक्री











