नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली के आरोप को खारिज करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने आज कहा कि कश्मीरी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी और अन्य लोगों की ओर से कल एक सेमिनार में दिए गए भाषण पर दिल्ली पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
गृह मंत्री ने एक बयान में कहा कि मैं अरूण जेटली के इस आरोप को सिरे से खारिज करता हूं कि केन्द्र उस समय कुछ नहीं कर रहा था जब कल एक सेमिनार आयोजित किया गया और उसमें गिलानी एवं अन्य लोगों ने शिरकत की। चिदंबरम ने कहा कि अधिकारियों ने सेमिनार की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई है और विचार के लिए कानूनी सलाहकारों को यह सौंप दिया गया है ताकि यह पता लग सके कि कानूनों का उल्लंघन हुआ है कि नहीं। उन्होंने कहा कि यदि प्रथम दृष्टया यह पता चलता है कि कानून का उल्लंघन हुआ है तो दिल्ली पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगी।











