नई दिल्ली। दिल्ली में तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) ने मेट्रो रेलगाडियों में एक कोच महिलाओं के लिए आरक्षित करने का फैसला किया है। डीएमआरसी ने दो अक्टूबर 2010 को प्रयोग के तौर अपने इस फैसले को लागू करेगा।
मेट्रो रेलग़ाडी में चालक के केबिन से सटे कोच को महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा। मेट्रो में सफर करने वाले कुल यात्रियों में महिलाओं की संख्या लगभग एक चौथाई होती है। आरक्षित डिब्बे में महिलाओं के साथ ही 12 साल तक की उम्र के बच्चों को भी यात्रा करने की इजाजत होगी। इसके अलावा अन्य कोचों में महिलाओं के लिए (चार आरक्षित सीटें), बुजुर्ग एवं शारीरिक तौर पर विकलांग लोगों के लिए (चार सीट) और जरूरतमंदों को मांगने पर दी जाने वाली आरक्षित (छह सीटों) पर पहले जैसा आरक्षण जारी रहेगा। डीएमआरसी महिलाओं के लिए आरक्षित पहले कोच में प्रवेश का संकेत बनाने के लिए प्लेटफार्म पर स्टिकर लगाएगा और शुरूआत में यात्रियों की जानकारी के लिए कर्मचारियों की भी नियुक्ति की जाएगी। गौरतलब है कि वर्तमान में मेट्रो का विस्तार 138 किलोमीटर तक हो चुका है जिसमें करीब 14 लाख यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। अगले महीने तक मेट्रो का विस्तार 185 किलोमीटर तक हो जाने के बाद प्रतिदिन 20 लाख यात्रियों के सफर करने की संभावना है।
भारत समाचार
मेट्रो में अब महिलाओं के लिए आरक्षित कोच











