नई दिल्ली। आर्थिक मंदी के चलते पिछले साल जहां देश के कुल निर्यात में गिरावट दर्ज की गई वहीं विशेष आर्थिक क्षेत्रों (एसईजेड) से निर्यात में 121 फीसदी की भारी वृद्धि दर्ज की गई।
वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंक़डों के मुताबिक वर्ष 2009-10 में विशेष आर्थिक क्षेत्रों से 2,20,711.39 करो़ड रूपये (49 अरब डॉलर) का निर्यात हुआ। वहीं पिछले साल भारत का कुल निर्यात 4.7 प्रतिशत घटकर 176.5 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में विशेष आर्थिक क्षेत्रों से 58,685.46 करो़ड रूपये का निर्यात हुआ जो कि पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में 68 प्रतिशत ज्यादा है। राज्यसभा में वाणिज्य राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा, ""30 जून तक विशेष आर्थिक क्षेत्रों में 1,66,526 करो़ड रूपये का निवेश किया जा चुका है और यहां 5,50,323 लोगों को रोजगार मिला है।"" सिंधिया ने कहा, ""विशेष आर्थिक क्षेत्र अधिनियम 2005 लागू होने के बाद सरकार ने 576 एसईजेड के प्रस्तावों को मंजूरी दी है जिनमें से 358 अधिनियमित किए जा चुके हैं। वर्तमान में 114 एसईजेड से निर्यात किया जा रहा है।""





















