भोपाल। मध्य प्रदेश की पर्यटन नगरी खजुराहो में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पहले दिन शुक्रवार को 1 लाख 6 हजार 417 करो़ड रूपये के 16 करार हुए। उद्योग जगत से जु़डी हस्तियों ने राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विकास में भागीदार बनने का संकल्प जताया।
सम्मेलन के उद्घाटन मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार और उद्योग क्षेत्र का मकसद राज्य तथा जनता का विकास एवं समृद्धि है। प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षो में स्वयं को विशाल पूंजी निवेश के लिए तैयार किया है। उद्योग जगत के विकास के साथ राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराना भी सरकार की मंशा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कौशल विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।
औद्योगिक घरानों को भी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संचालन के लिए आगे आना चाहिए। चैाहान ने भरोसा दिलाया कि सरकार निवेशकों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने देगी। सरकार ने नीतिगत निर्णय और निवेश मित्र नीति बनाने में पहल की है। 20 हजार हेक्टेयर जमीन का भूमि बैंक बनाया गया है। एक हजार लोगों को नौकरी देने वाली इकाइयों को सरकार विशेष रियायत देगी।
लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने मध्य प्रदेश को देश का दिल बताते हुए कहा कि यह प्रदेश देश को भौगोलिक एवं भावनात्मक रूप से जो़डने का काम करता है। संभावनाओं से भरे मध्य प्रदेश में पूंजी का निवेश पूंजी को समृद्ध करने वाला सौदा है। इस मौके पर आदित्य बि़डला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बि़डला ने मध्य प्रदेश में निवेश मित्र वातावरण तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए कहा कि उनका समूह उद्योग जगत के साथ एकीकृत विकास में भी भागीदारी निभाने को तैयार है। एस्सार समूह के अध्यक्ष शषि रूइया, जेपी एसोसिएट्स के जे.पी. गौर, रियो टिंटो के अंतर्राष्ट्रीय संचालन प्रमुख राबर्ट कोर्ट ने भी सरकार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इससे पहले लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन किया। उसके बाद करारनामों पर हस्ताक्षर का दौर शुरू हुआ।
पहला करार डीएमआईसी और ट्रायफेड के बीच अधोसंरचना विकास के लिए 33 हजार 147 करो़ड रूपये का है। इसी तरह अल्ट्राटेक ने सतना और धार में सीमेंट संयंत्र के लिए 6000 करो़ड रूपये के तीन करार, जयप्रकाश एसोसिएट्स ने सीमेंट एवं अन्य संबंधित उद्योगों के लिए 1850 करो़ड के पांच करार किए हैं, जिनमें सतना में सीमेट संयंत्र तथा बीना में सीमेंट ग्राइंडिंग, सीधी में 120 मेगावाट का बिजली संयंत्र और रीवा में सोया प्रोसेसिंग इकाई शामिल है।
इसके अलावा इएसएसआर ने सीमेंट एवं फैरो के क्षेत्र में 2450 करो़ड रूपये, गेल इंडिया ने तेल एवं प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में 4900 करो़ड रूपये, जियोमैसोर सर्विसिस इंडिया ने खनिज क्षेत्र में 300 करो़ड रूपये, वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज ने बुधनी में व्हाइट गुड्स, सतना एवं रीवा में ऊर्जा के क्षेत्र में 18 हजार 500 करो़ड रूपये के दो करार किए।
इसी तरह एनटीपीसी ने ऊर्जा के क्षेत्र में 20 हजार करो़ड रूपये के करार, जीएमआर बुंदेलखण्ड एनर्जी लिमिटेड ने 1980 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए 14 हजार करो़ड रूपये का करार, ईएसएसएल लिमिटेड ने 660 मेगावाट बिजली संयंत्र के लिए 2690 करो़ड रूपये और रियो टिंटो लिमिटेड ने छतरपुर में खनिज खनन के लिए 2300 करो़ड रूपये के करारनामों पर हस्ताक्षर किए।
उद्घाटन समारोह में एसोचैम के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप मोदी, अदानी समूह के अध्यक्ष गौतम अदानी, वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष वेणुगोपाल धूत, एस.पी. ओसवाल, रवि शरण सांघी सहित अन्य निवेशकों के अलावा प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री राघवजी, पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव के अलावा कई औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
भारत समाचार
खजुराहो समिट : उद्योग जगत मप्र के विकास में भागीदारी को तैयार





















