नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ सोमवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका ने आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए नई आंतरिक सुरक्षा वार्ता शुरू करने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुम्बई पर 2008 में हुए आतंकवादी हमले के बाद आतंकवाद से निपटने के उपायों में अमेरिका द्वारा मुहैया कराई गई मदद के लिए उन्होंने ओबामा का आभार जताया। उन्होंने कहा, ""हमारे बीच विस्तृत चर्चा हुई.... पूर्व एशिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और पश्चिम एशिया के बारे में। एशिया में सुरक्षा और समृद्धि के लिए हमारे बीच मुक्त और समावेशी क्षेत्रीय संरचना पर आधारित समान दृष्टिकोण है।"" उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच परमाणु अस्त्रों रहित विश्व और इस दिशा में प्रयास करने के बारे में भी एकराय थी।











