नई दिल्ली। रिएलिटी शो "इंडियाज गॉट टैलेंट 2" के प्रतिभागी विनोद ठाकुर के जन्म से ही पैर नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद उनमें हौसले की कोई कमी नहीं है और उन्होंने इस शो में बेहतरीन नृत्य पेश किया था।
अब उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण दिखाने वालों के सम्मान की एक पहल के तहत "सुपर आइडल" पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इक्कीस वर्षीय ठाकुर ने डांस वीडियोज में नर्तकों की नृत्य गतियों को देखकर नृत्य सीखा है। उनके कलर्स के शो "इंडियाज गॉट टैलेंट 2" में हिस्सा लेने के बाद उनकी प्रतिभा लोगों के सामने आई। शो में उन्होंने अपने हाथों पर डांस किया था। आईबीएन 7 और बजाज आलियांज 29 नवंबर को मुम्बई में अपने दूसरे पुरस्कार समारोह का आयोजन करेंगे। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि कला, संस्कृति एवं मनोरंजन श्रेणी में ठाकुर को यह पुरस्कार दिया जाएगा। इसी श्रेणी में मांझी भाई एल. रमानी को भी पुरस्कृत किया जाएगा। रमानी ने एक दुर्घटना में अपने दोनों हाथ गंवाने के बाद मुंह से पेंटिंग बनाना शुरू किया था। सीएनएन-आईबीएन, आईबीएन 7 और आईबीएन लोकमत के प्रधान संपादक राजदीप सरदेसाई कहते हैं कि इन कामयाब वीरों ने स्पष्ट कर दिया है कि सफल होने के लिए शारीरिक योग्यता नहीं बल्कि बहुत से साहस की आवश्यकता होती है। विभिन्न श्रेणियों में 13 प्रेरणादायक लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। समारोह में "मस्कुलर डिस्ट्रॉफी" (मांसपेशियों की आनुवांशिक बीमारी जिसमें शरीर की मांसपेशियां कमजोर और बेकार हो जाती हैं) की शिकार संजना गोयल को लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा। संजना इस बीमारी से पीç़डत मरीजों के लिए देशभर में काम कर रही हैं। वह हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित "इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी" की संस्थापक सदस्य हैं।











