बेंगलुरू। भारतीय टीम शनिवार को जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दूसरे और अंतिम टेस्ट में चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरेगी तो उसका इरादा ऑस्ट्रेलिया का पूरी तरह सफाया करने का होगा। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट मैच एक विकेट से जीता था। अब उन्हें इसी उत्साह को बनाए रखते हुए अगले मुकाबले की रणनीति बनानी होगी।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज गौतम गंभीर और तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा जैसे स्टार खिलाडी चोटों की वजह से बाहर हो गए है लेकिन मोहाली टेस्ट में मिली एक विकेट की जीत उनके लिए टॉनिक का काम करेगी। गंभीर और ईशांत दूसरे टेस्ट मैच में नही खेलेंगे और कलात्मक बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का भी चोट की वजह से इस मैच में उतरना संदिग्ध है। लक्ष्मण ने पिछले दो दिन से चिन्नास्वामी स्टेडियम में नेट अभ्यास नहीं किया है।
धोनी ने कहा, लक्ष्मण की स्थिति में अब काफी सुधार है लेकिन उन्होंने शुक्रवार को भी अभ्यास नहीं किया। लेकिन हम चाहेंगे कि वह फिट होकर अंतिम ग्यारह में खेले। हमें इस बारे में निर्णय लेने में समय लगेगा क्योंकि यह क्रिकेट का सबसे लंबा प्रारूप है। टीम इंडिया की कोशिश होगी कि वे टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करके ऑस्ट्रेलिया को भारतीय धरती पर छह साल बाद पहली टेस्ट जीत हासिल करने से रोक दे। ईरानी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले तमिलनाडु के बल्लेबाज अभिनव मुकुंद और गेंदबाज जयदेव उनादकट को गंभीर और ईशांत की जगह टीम इंडिया में जगह मिल गई है, हालांकि अभी यह पक्का नहीं हो पाया है कि वे आखिरी 11 में जगह बना पाएंगे या नहीं।
दोनों टीमें इस प्रकार है:
टीम इंडिया: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, मुरली विजय, राहुल द्रविड, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, सुरेश रैना, जहीर खान, हरभजन सिंह, एस श्रीशांत, अमित मिश्रा, प्रज्ञान ओझा, सी पुजारा, अभिनव मुकुंद और जयदेव उनादकट।
ऑस्ट्रेलिया टीम: रिकी पोंटिंग (कप्तान) माइकल क्लार्क, शेन वॉटसन, साइमन कैटिच, फिलिप ह्यूज, माइक हसी, मार्कस नॉर्थ, डॉ बोलिंगर, बेन हिलफेनहाउस, मिचेल जॉनसन, टिम पेन (विकेट कीपर), जेम्स पैटिन्सन, पीटर जॉर्ज, नाथन हॉरित्ज, स्टीवन स्मिथ, मिचेल स्टार्क।
भारत समाचार
टीम इंडिया का टारगेट, ऑस्ट्रेलिया का सफाया











