तिरूवनंतपुरम। तमिलनाडु के महाधिवक्ता पी. एस. रमन के केरल उच्चा न्यायालय में एक लाटरी वितरक की ओर से मुकदमा ल़डने का विरोध करते हुए केरल सरकार ने कहा कि वह यह मुद्दा तमिलनाडु सरकार के सामने उठाएगी।
कानून मंत्री एम. विजयकुमार ने कहा, ""केरल उच्च न्यायालय में हमारी सरकार के खिलाफ तमिलनाडु के महाधिवक्ता का मुकदमा ल़डना उचित नहीं है।"" कांग्रेस की केरल इकाई ने मंगलवार को लाटरी वितरक की ओर से रमन के न्यायालय में पेश होने का विरोध किया था जिसका कि पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इससे पहले बचाव किया था। प्रदेश में भूटान की लाटरी के वितरक मेघा डिस्ट्रीब्यूटर्स का पक्ष रखने जा रहे रमन ने कहा कि प्रदेश से बाहर किसी भी न्यायालय में पेश होने में कुछ गलत नहीं है। इस मामले में सिंघवी के पीछे हटने के बाद रमन ने केरल सरकार के खिलाफ लाटरी के ड्रा और करों से संबंधित एक मामले में वितरक के पक्ष में मुकदमा ल़डने का फैसला किया।





















