पटना। बिहार के नक्सल प्रभावित मुंगेर जिले के ख़डगपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने विभिन्न राजनीतिक दलों के तीन प्रचार वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, तारापुर विधानसभा क्षेत्र के बरकी हथिया गांव में मंगलवार को कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के तीन वाहन चुनाव प्रचार करने के लिए गए थे। इस दौरान नक्सलियों ने उन सभी वाहनों को अपनेे कब्जे में लेते हुए उसमें सवार लोगों को भगा दिया तथा बाद में उन्हें फूंक दिया। ख़डगपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के$ चन्द्रा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी तेज कर दी गई है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है। इन क्षेत्रों में नक्सलियों ने चुनाव बहिष्कार का पोस्टर चिपकाकर लोगों को इसमें भाग नहीं लेने की अपील की है। गैरतलब है कि पोस्टर के माध्यम से नक्सलियों ने प्रत्याशियों से चुनाव प्रचार नहीं करने की भी चेतावनी दी थी। मुंगेर जिला में चौथे चरण के तहत एक नवंबर को मतदान होना है।





















