कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

बिहार में जनता तक नहीं पहुंच पाता पैसा : राहुल

पटना। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि बिहार के चमकने का झूठा प्रचार किया गया है। यदि बिहार चमक रहा होता तो राज्य के लोग दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करते। सच्चाई तो यह है कि बिहार में जनता के विकास का पैसा जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
राहुल गांधी ने शनिवार को बिहार के बछव़ाडा, जमालपुर तथा कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार के पास पैसे की कमी थी, परंतु आज पैसे की कोई कमी नहीं है। आज कोई भी राज्य सरकार जितना पैसा मांगती है, उतना पैसा दिया जाता है, और ये पैसा किसी और का नहीं, जनता का ही है। राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति का मतलब है कि जनता के बीच जाओ और उसकी बातें सुनो, परंतु आज राजनीति करने वाले लोग यह भूल गए हैं। उन्होंने कहा, ""मैं यह गर्व से कहता हूं कि हम नेता नहीं नौकर हैं।"" गांधी ने कहा कि यदि देश में बदलाव लाना है तो गांवों की ओर जाना होगा। गांवों में आज स़डक, बिजली, स्वास्थ्य शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। आज जरूरत है कि गरीबों की सरकार बने।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास का झूठा प्रचार किया गया है। इंग्लैंड का पत्रकार कहता है कि बिहार का विकास हुआ है, लेकिन बिहार के लोग नहीं कहते कि बिहार का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यहां के लोग अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि पिछले 20 वर्षो से बिहार में जितनी भी सरकारें आईं, सभी ने जात-पात की बात की। विकास की बात किसी ने नहीं की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसी नेता को बिहार आने से नहीं रोका। परंतु यहां के मुख्यमंत्री कहते हैं कि चुनाव का समय है, इस कारण वह अपनी सहयोगी पार्टी के एक नेता को यहां नहीं आने देंगे। यह कैसा समझौता है भाई। गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार, केन्द्र सरकार की योजनाओं को भी आम लोगों तक नहीं पहुंचा सकी। केन्द्र की सभी योजनाओं की स्थिति बिहार में बदतर है। गांधी ने आम लोगों से अपील की कि चुनाव का समय है और बिहार को अगर बदलना है तो विकास को वोट दीजिए। उन्होंने कहा कि वह कोई वादा तो नहीं कर रहे, परंतु इतना तय है कि कांग्रेस की जो सरकार होगी वह आम लोगों की, गरीबों की और विकास करने वालों की सरकार होगी।

अन्य खबरें

अन्य खबरें