नई दिल्ली। सरकार ने आज इस बात से इनकार किया कि उत्तर भारत में दुग्ध उत्पादन में कोई कमी आई है। कांग्रेस के मोतीलाल वोरा और सत्यव्रत चतुर्वेदी द्वारा पूछे गए प्रश्नो के लिखित उत्तर में कृषि राज्यमंत्री केवी थामस ने राज्यसभा को बताया कि देश में दुग्ध उत्पादन वर्ष 2000-01 के 8.06 करोड टन से बढकर वर्ष 2008-09 में 10.85 करोड टन हो गया है। उन्होंने बताया कि देश में दुग्ध उत्पादन बढाने के लिए सरकार कई डेयरी विकास योजनाएं क्रियान्वित कर रही है जिनमें दुधारू पशुओं की उत्पादकता में सुधार के लिए राष्ट्रीय दुधारू पशु प्रजनन परियोजना, पहाडी और पिछडे क्षेत्रों में सघन डेयरी विकास कार्यक्रम आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में देश में दूध के बिक्री मूल्य में एक से सात रूपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।