नहीं घटेंगे तेल के दाम, मुखर्जी ने ठुकराई ममता की मांग
Feb 27, 2010 7:45 PM
नई दिल्ली। केंद्र सरकार तेल की बढी हुई कीमतों को वापस लेने की सहयोगी दलों की मांग के आगे झुकती नजर नहीं आ रही है। सूत्रों के अनुसार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढाने से खफा रेल मंत्री ममता बनर्जी ने वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी को फोन कर उनसे बढी कीमतों को वापस लेने की मांग की थी लेकिन प्रणव मुखर्जी ने ममता की यह मांग ठुकरा दी है। सूत्रों के अनुसार तेल की कीमतों को लेकर सिर्फ यूपीए सरकार के घटक दलों में ही नहीं कांग्रेस में भी एकमत नहीं है। एक ओर जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी तेल की बढी हुई कीमतों को वापस लेने के पक्ष में नहीं है वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के कई आला नेता चाहते हैं कि पेट्रोल-डीजल की बढी हुई कीमतें वापस ले ली जाए। गौरतलब है कि गत शुक्रवार को वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने आम बजट में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढाने का एलान किया था। आम बजट के बाद देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगभग तीन रूपए तक बढ गई हैं।