मुम्बई। एम्सटर्डम से मुम्बई जाने वाले डेल्टा एयरवेज के विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इस एयरवेज के विमान को गुरूवार देर रात यहां के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारना प़डा था।
हवाई अड्डा के सूत्रों ने बताया कि गुरूवार रात करीब 11 बजे इस विमान को आपात स्थिति में छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसआईए) पर उतारा गया था। इसके बाद उसे हवाई पटरी से अलग स्थान पर ले जाया गया। विमान में 244 यात्री सवार थे। डेल्टा एयरवेज के विमान संख्या इटीडबल्यू-070 को एम्सटर्डम से विमान में संदिग्ध वस्तु होने की चेतावनी मिलने के बाद उतारा गया था। विमान को उतारे जाने के बाद उसके सामानों की गहन छानबीन की गई। कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने पर रात के करीब दो बजे आपात स्थिति हटाई गई और विमान को पार्किग में लाया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के मुंबई पहुंचने से मात्र 36 घंटे पहले यहां दो विमानों को आपात स्थिति में उतारा गया।
इस दौरान हवाई अड्डे के अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को काफी जद्दोजहद करनी प़डी। डेल्टा एयरवेज विमान से पहले यहां जेट एयरवेज के विमान को आपात स्थिति में उतारा गया था। जेट का विमान 9 डबल्यू-432 जिसमें 163 यात्री सवार थे, यह मंगलोर से मुम्बई की उ़डान पर था।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति का विमान शनिवार अपराह्न छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसआईए) पर उतरने वाला है।
भारत समाचार
डेल्टा एयरवेज के विमान में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु











