लंदन। दुबई के होटल से गायब होकर लंदन पहुंचने वाले पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के विकेटकीपर जुल्करनैन हैदर भविष्य में अपने देश की ओर से खेलने के मौके खो चुके हैं। 24 वर्षीय युवा विकेट कीपर हैदर सोमवार को टीम प्रबंधन को बिना बताए दुबई से गायब हो गए थे। उसके बाद मंगलवार को हैदर ने जीवन को खतरा का हवाला देकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमीज रजा का कहना है कि हैदर के लिए वह आखिरी मैच था। समाचार पत्र "डेली टेलीग्राफ" ने रमीज के हवाले से लिखा है, ""बोर्ड की ओर से हैदर पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच खेल चुके हैं। पीसीबी उन्हें दोबारा खेलने के लिए प्रोत्साहित नहीं करेगी क्योंकि ये सभी चीजें शर्मनाक हैं।"" इससे पहले "जियो न्यूज" को दिए साक्षात्कार में हैदर ने कहा था, ""मैं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं क्योंकि कुछ लोगों ने मुझसे कहा था कि अगर तुम हमारे साथ शामिल हो जाओगे (मैच फिक्सिंग में) और हमारी मदद करोगे तो हम तुम्हे बहुत पैसा देंगे। अगर तुम ऎसा नहीं करोगे तो तुम्हारे लिए टीम में रहना मुश्किल हो जाएगा।""











