नई दिल्ली। भारत की यात्रा पर आए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में नई दिल्ली की स्थायी सदस्यता का समर्थन करते हुए कहा कि पाकिस्तान को मुम्बई पर 26/11 के हमले के दोषियों को अवश्य सजा दिलानी होगी। भारत को एक वैश्विक ताकत करार देते हुए ओबामा ने कहा, ""मैं संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के विस्तार की ओर देख रहा हूं जिसमें भारत एक स्थाई सदस्य हो।""
संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में सांसदों और विशिष्ट लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवदियों के लिए पाकिस्तान सुरक्षित पनाहगाह नहीं हो सकता और उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अमेरिका में उच्चा प्रौद्योगिकी के निर्यात पर लगी रोक को हटाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे भारत और तेजी से विकास करेगा।











