नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मास्को में आयोजित विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले देश के अग्रणी पहलवान सुशील कुमार को सोमवार को बधाई दी।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि सुशील ने शानदार खेल भावना, इच्छाशक्ति और अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए यह सफलता हासिल की है। सुशील विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले देश के पहले पहलवान हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुशील ने देश का नाम रोशन किया है। वह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले सुशील ने रविवार को रूसी पहलवान गोगायेव को हराकर 66 किलोग्राम वर्ग में पहला स्थान हासिल किया था।











