मुंबई। भारतीय इस्तपात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) का शुद्ध मुनाफा वर्ष 2009-10 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में 40.37 प्रतिशत बढ़कर 2,084.9 करो़ड रूपए हो गया।
कंपनी के मुनाफे में यह वृद्धि 2008-09 की चौथी तिमाही के मुकाबले दर्ज की गई है, इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 1,485.2 करो़ड रूपए रहा था। वर्ष 2009-10 की चौथी तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 12,672.69 करो़ड रूपये हो गई जबकि पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी की कुल आय 12,519.33 करो़ड रूपये थी। शुक्रवार को जारी वार्षिक परिणामों में कंपनी ने कहा कि वर्ष 2009-10 में उसका शुद्ध मुनाफा पिछले साल के 6,170.4 करो़ड रूपए के मुनाफे की तुलना में 9.46 प्रतिशत बढ़कर 6,754.37 करो़ड रूपए हो गया है। वहीं इसी वित्तीय वर्ष में कंपनी की कुल आय घटकर 43,233.26 करो़ड रूपये हो गई है। जबकि 2008-09 में कंपनी की कुल आय 45,623.41 करो़ड रूपये थी। कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयर धारकों को 1.7 रूपये प्रति शेयर का लाभांश देने की घोषणा की है। कंपनी 1.6 रूपये प्रति शेयर के लाभांश की घोषणा पहले ही कर चुकी है। इसके बाद कंपनी के शेयर पर इस साल का कुल लाभांश 3.3 रूपये प्रति शेयर हो गया है। इस्पात मंत्रालय ने कहा है कि उपकरणों की खरीददारी में देरी की वजह से सेल की विस्तार योजना प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि कंपनी के अगले अध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक की नियुक्ति के मामले में कोई विवाद नहीं है।











