नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रमंडल खेल समाप्त होने तक सीरी फोर्ट खेल परिसर बंद रखने के फैसले के खिलाफ दायर की गई याचिका बुधवार को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए खारिज कर दी। इस खेल परिसर के 100 से अधिक सदस्यों ने परिसर को 16 अगस्त से 14 अक्टूबर तक बंद रखने संबंधी परिसर के सचिव के फैसले को चुनौती देते उच्चा न्यायालय में याचिका दायर की थी।
न्यायालय ने इस याचिका को खारिज करते हुए निर्देश दिया कि इस खेल परिसर को खेलों की समाप्ति के एक सप्ताह के भीतर सदस्यों के लिए खोल दिया जाए। न्यायालय ने कहा कि फिलहाल सुरक्षा कारणौं से सदस्य इसमें प्रवेश नहीं पा सकते। सीरी फोर्ट खेल परिसर में 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान बैडमिंटन और स्क्वॉश की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इस परिसर के सदस्यों ने याचिका के माध्यम से इसे जल्द से जल्द खोलने की मांग की थी। सदस्यों का कहना था कि इस परिसर के बंद होने से उन्हें सुबह-सुबह जॉगिंग करने, फुटबाल खेलने और यहां तक की बच्चों को खेल गतिविधियों में हिस्सा लेने में दिक्कत हो रही है। इस परिसर के 70 फीसदी से अधिक सदस्य सेवानिवृत्त हैं और इस परिसर का उपयोग कई तरह की गतिविधियों के लिए करते हैं।











