बासेल (स्विट्जरलैंड)। विश्व के दूसरे वरीयता प्राप्त खिल़ाडी रोजर फेडरर अपने देश में खेले जा रहे स्विस इंडोर टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक फेडरर ने पहले दौर में एलेक्जांडर डोग्लोपोलोव को पराजित किया। टखने में दर्द के कारण डोग्लोपोलोव के मैच पूरा नहीं कर पाने की वजह से फेडरर ने यह मैच 6-4, 5-2, 15-15 से जीता। इस टूर्नामेंट के लिए फेडरर को सर्वोच्चा वरीयता दी गई है। वह तीन बार बासेल में खिताब जीत चुके हैं।
फेडरर ने डोग्लोपोलोव को हराने के दौरान नौ एस लगाए और तीन बार डोग्लोपोलोव की सर्विस ब्रेक की। फेडरर ने हालांकि डोग्लोपोलोव के चोटिल होने पर अफसोस जाहिर किया।
फेडरर ने कहा, ""पांच साल पहले यहां खेलते हुए मेरा टखना भी चोटिल हो गया था लेकिन तब से मैंने अपने टखने का विशेष तौर पर ख्याल रखा।"" दूसरे दौर में फेडरर का सामना सर्बिया के जानको टिपसार्विक या उजबेकिस्तान के डेनिस इस्ट्रोमिन से होगा। पिछले वर्ष फेडरर फाइनल में हार गए थे। उन्हें सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने पराजित किया था, जिन्हें इस वर्ष दूसरी वरीयता दी गई है।
भारत समाचार
स्विस इंडोर टेनिस : पहले दौर में फेडरर की आसान जीत











