हैदराबाद। दूरसंचार क्षेत्र की अग्रणी कंपनी टाटा टेलीसर्विसेज लिमिटेड (टीटीएसएल) और खुदरा कारोबार करने वाली कंपनी फ्यूचर ग्रुप ने "टी24" नाम से एक मोबाइल फोन सेवा शुरू की है। देश में खुदरा और दूरसंचार क्षेत्र के बीच अपनी तरह की पहली साझेदारी "टी24 जीएसएम मोबाइल सेवा" को आंध्रप्रदेश सर्किल में शुरू किया गया है और देश के बाकी हिस्सों में इसे अगले दो माह के भीतर शुरू करने की योजना बनाई गई है।
फ्यूचर ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) किशोर बियानी के साथ इस सेवा की शुरूआत करते हुए टीटीएसएल के प्रबंध निदेशक अनिल सरदाना ने कहा, ""यह सेवा देश के दूरसंचार उपभोक्ताओं के लिए नई और अपनी पहली तरह की पहली है।"" बियानी ने कहा, ""बातचीत के बदले उपभोक्ताओं को शॉपिंग का फायदा होगा। इसी तरह जितनी बात की जाएगी उतनी ही शॉपिंग की सुविधा मिलेगी।"" टी24 का टैरिफ प्लान प्रति सेकेंड पर आधारित होगा। इसके अलावा फ्यूचर ग्रुप के आउटलेट से 500 रूपए के वाउचर की खरीद पर उपभोक्तओं को फ्री टॉक टाइम दिया जाएगा। देशभर में अगले कुछ महीनों में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए फ्यूचर ग्रुप के 75 शहरी और 65 ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद नेटवर्क का प्रयोग किया जाएगा।











