न्यूयार्क। बेल्जियम की किम क्लाइस्ट्र्स ने इस वर्ष अमेरिकी ओपन का महिलाओं का एकल खिताब जीत लिया है।
बेटी के जन्म के बाद कोर्ट पर लौटने वाली क्लाइस्ट्र्स ने वर्ष 2009 में भी यह खिताब अपने नाम किया था। क्लाइस्ट्र्स ने शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में रूस की वेरा ज्वानोरेवा को 6-2, 6-1 से पराजित किया। क्लाइस्ट्र्स ने अब तक तीन बार इस खिताब पर कब्जा किया है।
पुरूष वर्ग में विश्व के सर्वोच्चा वरीयता प्राप्त खिल़ाडी स्पेन के राफेल नडाल फाइनल में पहुंच गए हैं। खिताबी मुकाबले के लिए नडाल का रविवार को सर्बिया के नोवाक जोकोविक के साथ सामना होगा। पहली बार अमेरिकी ओपन खिताब जीतने के लिए प्रयासरत नडाल ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में रूस के मिखाइल यवझेनी को 6-2, 6-3, 6-4 से पराजित किया। इस जीत ने नडाल का नाम इतिहास में दर्ज कर दिया। वह 1968 के बाद से सभी ग्रैंड स्लैम आयोजनों के फाइनल में जगह बनाने वाले छठे खिल़ाडी बन गए हैं। नडाल ने अब तक आठ ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं लेकिन अमेरिकी ओपन का ताज उनके करीब नहीं आ सका है। जीत के बाद नडाल ने कहा, ""यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं फाइनल में अपना पूरा दमखम लगा दूंगा। मैं जानता हूं कि जोकोविक को हराना आसान नहीं। फेडरर को हराने के बाद वैसे ही उनका मनोबल सातवें आसमान पर है।"" नडाल अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले स्पेन के दूसरे खिल़ाडी हैं। इससे पहले जुआन कार्लोस फरेरो 2003 में फाइनल में पहुंचने में सफल रहे थे लेकिन अमेरिका के एंडी रॉडिक के हाथों उन्हें हार मिली थी। दूसरी ओर, पांच बार अमेरिकी ओपन खिताब पर कब्जा कर चुके फेडरर को जोकोविक के हाथों अप्रत्याशित हार का सामना करना प़डा। तीसरे वरीयता प्राप्त खिल़ाडी जोकोविक ने 17वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए प्रयासरत फेडरर को 5-7, 6-1, 5-7, 6-2, 7-5 से पराजित किया। जोकोविक ने चार साल के अंतराल के बाद अमेरिकी ओपन में फेडरर पर जीत हासिल की है। वर्ष 2007 में वह फाइनल में फेडरर के सामने थे लेकिन जीत नहीं हासिल कर सके थे। इसके बाद भी दो मौकों पर फेडरर ने उन्हें धूल चटाई थी। मैच के बाद जोकोविक ने कहा, ""मुझे अपनी जीत पर यकीन नहीं हो रहा है। मैं तो आंख बंद करके फोरहैंड लगाए जा रहा था। मैं मानकर चल रहा था कि मेरा शॉट अगर सही जाएंगे तो मुझे जीत मिलेगी नहीं तो ज्यादा से ज्यादा फेडरर के हाथों अमेरिकी ओपन में एक और हार मिलेगी।""
भारत समाचार
अमेरिकी ओपन : क्लाइस्ट्र्स चैम्पियन, जोकोविक और नडाल फाइनल में











