नागपुर। महाराष्ट्र में विदर्भ के किसान अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से एक दिन पूर्व कृषि की दशा पर उनका ध्यान आकर्षित कराने के लिए मोमबत्तियां जलाकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे।
विदर्भ जन आंदोलन समिति (वीजेएएस) के प्रमुख किशोर तिवारी ने नागपुर में गुरूवार को एक बयान जारी कर कहा कि अमेरिका में कपास किसानों को भारी मात्रा में सब्सिडी देने की अमेरिकी नीतियों के कारण भारत के 216,000 से ज्यादा किसानों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना प़डा। उन्होंने कहा विदर्भ के प्रभावित गांवों में किसानों की विधवाएं मोमबत्तियां जलाएंगी और ओबामा की यात्रा के दौरान विधवाओं के एक समूह को प्रदर्शन के लिए मुंबई भेजने का प्रयास किया जाएगा। तिवारी ने कहा कि वर्ष 2010 में अब तक कुल 645 किसान आत्महत्या कर चुके हैं।











