नई दिल्ली। 28 फरवरी से शुरू होने वाले हीरो होंडा हाकी विश्व कप के लिए सबसे सस्ती टिकट 100 रूपए और सबसे महंगी टिकट 7500 रूपए रखी गई है। अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ एफआईएच के विश्वकप समाचार पत्र के अनुसार टिकटों के लिए चार वर्ग बनाए गए है जिसमें आम वर्ग, आम प्रीमियम वर्ग, वीआईपी और वीवीआईपी वर्ग शामिल है। चारों वर्गो में समूह और स्थान निर्धारित मैचों तथा फाइनल के लिए टिकटों की अलग-अलग दरें रखी गई है। समूह और स्थान निर्धारित मैचों में आम वर्ग के लिए 100 रूपए, आम प्रीमियम वर्ग के लिए 500 रूपए, वीआईपी के लिए 1,000 रूपए और वीवीआईपी के लिए 5,000 रूपए की टिकट दर रखी गई है जबकि 13 मार्च को होन वाले फाइनल दिन के लिए यह दर क्रमश: 150 रूपए, 750 रूपए, 1,500 रूपए और 7,500 रूपए होगी। प्रत्येक टिकट से उस दिन खेल जाने वाले सभी मैच देखे जा सकेंगे।