नई दिल्ली, 19 सितंबर। भारत सरकार ने स्पष्ठ किया है कि उसे वाडा(वल्र्ड एंटी डोपिंग एजेंसी)के "व्हेयरएबाउट्स" सहित सभी नियम-उपनियम स्वीकार्य है और वह इन्हें मानने को प्रतिबद्ध है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा "व्हेयरएबाउट्स" उपनियम को मानने से इंकार के बाद वाडा अघ्यक्ष जॉन फाहेय ने इस पर भारतीय सरकार का रूख पूछा था। फाहेय के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय खेल मंत्रालय ने कहा कि डोपिंग रोघी नियमों के प्रति प्रतिबद्धता वाले उसके पहले के रूख में कोई बदलाव नही आया है। खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव व नाडा के महानिदेशक राहुल भटनागर ने शनिवार को कहा कि सरकार और नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) वाडा के सभी संहिताओं को स्वीकार करते है। हमने वाडा को भी इस बारे में सूचित कर दिया है। भारत इस मामले में अपने पहले के रूख पर कायम है कि खेलों में डोपिंग से समझौता नही किया जा सकता। इस बीच भटनागर ने यह भी कहा कि खेल मंत्रालय ने इस मामले में बीसीसीआई को भी अपने सुझाव दिए थे, लेकिन भारतीय बोर्ड ने कोई जवाब नही दिया है।