जम्मू-कश्मीर, 28 सितंबर। जम्मू कश्मीर में राजौरी के थाना मंडी में रविवार रात एक घरेलू महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक आतंकवादी को कुल्हाडी से मार डाला जबकि दूसरा आतंकवादी भागने में सफल रहा। राजौरी पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार रात मंडी के शाहदरा इलाकेमें दो आतंकवादी नूर मोहम्मद के घर में घुस आए और किसी बात को लेकर उसके परिवार के सदस्यों के साथ मार पीट करने लगे। नूर मोहम्मद की पत्नी रशीदा बेगम ने यह देखकर कुल्ह़ाडी से एक आतंकवादी पर जर्बदस्त वार किया जिससे वह वहीं ढेर हो गया। हालांकि दूसरे आतंकवादी ने रशीदा पर गोलियां चलाई लेकिन गोलियां उसे न लगकर परिवार के दूसरे सदस्य को लगी। इसी बीच रशीदा और परिवार के अन्य सदस्यों ने उस आतंकी को घर दबोचा और उसकी बंदूक छीन ली लेकिन आतंकवादी अंघेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरे में ले लिया है और आतंकवादियों को ढूंढने के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।