कोलकाता, 13 अक्टूबर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-2) में कोलकाता टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद हटाए गए कोच जोन बुकानन के उत्तराधिकारी के रूप में आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेव व्हॉटमोर को टीम का नया कोच नियुक्त करने का फैसला किया है। एक खेल वेबसाइट ने कोलकाता टीम के सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बेंगलुर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी के मौजूदा प्रमुख के रूप में कर रहे व्हॉटमोर को कोलकाता टीम के कोच पद की कमान संभालने के लिए हरी झंडी दे दी है। वेबसाइट का कहना है कि कोलकाता की इस टीम ने जोन राइट, रिचर्ड पाइबस, डर्मोट रीव, डकन फ्लेचर, लालचंद राजपूत, डब्ल्यू वी रमन और अशोक मल्होत्रा सहित इस पद के लिए कई उम्मीदवारों का साक्षात्कार किया था लेकिन काफी सोच विचार के बाद उसने 55 वर्षीय व्हॉटमोर के नाम पर मुहर लगायी। हालांकि इस संबंध में अधिकारिक तौर पर किसी तरह की घोषणा नहीं की गयी है।