गुवाहाटी। असम के शिवसागर जिले में मारियानी के नजदीक एक मालग़ाडी में आग लग जाने से करीब 20 तेल टैंकर जल गए। रेलवे सूत्रों ने बम विस्फोट से इनकार नहीं किया है। पूर्वोतर रेलवे के सूत्रों ने बताया कि मालग़ाडी के डीजल और पेट्रोल से भरे टैंकरों में सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे उस समय आग लग गई जब वह नुमालीगढ़ रिफाइनरी से आ रही थी। मालग़ाडी में 51 टैंकर थे। मालग़ाडी का गार्ड और चालक दोनों सुरक्षित हैं। नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड से हाई स्पीड डीजल और पेट्रोल भरा गया था। सूत्रों के अनुसार 10 टैंकरों में अभी भी आग तक लगी हुई है और 10 टैंकरों का तेल जमीन पर फैल गया। पुलिस और दमकल कर्मचारी पूरी रात आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। आग की लपटें 100 मीटर ऊंची हैं तथा ये पांच किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही है।