चण्डीगढ़। चण्डीगढ़ में रविवार को "इंडिया साइक्लोथॉन" प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शीर्ष 10 साइकिल चालकों सहित 6,100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इनमें से कुछ साइकिल चालक तीन से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भी हिस्सा लेंगे। इंडिया साइक्लोथॉन प्रतियोगिता के चौथे संस्करण में अलग-अलग उम्र के प्रतिभागी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता को साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित कराया जाता है। अलग-अलग वर्गो में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। 60 किलोमीटर की एलिट रेस के अलावा 20 किलोमीटर की कॉरपोरेट राइड, 10 किलोमीटर की ग्रीन राइड और तीन से 13 वर्ष के बीच के बच्चों के लिए पांच किलोमीटर की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग ने इस प्रतियोगिता की शुरूआत की। प्रतियोगिता के पहले वर्ग में 60 किलोमीटर की एलिट रेस में सी. रंजन ने बाजी मारी। विजयी होने के बाद उन्होंने कहा, ""पिछले 10 वर्षो से मैं साइकिल प्रतियोगिता में भाग ले रहा हूं। इसके लिए इटली में बनी एक अत्याधुनिक साइकिल का प्रयोग करता हूं। साइकिल का वजन 7.5 किलोग्राम है।"" प्रतियोगिता के आयोजनकर्ताओं ने हिस्सा लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को एक टी-शर्ट, एक सुरक्षा जैकेट, साइकिल हेलमेट और एक बैग मुहैया कराया। फेडरेशन के अध्यक्ष एस.एस. ढ़ींढसा ने कहा, ""प्रतियोगिता के प्रति चण्डीगढ़ के लोगों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया देखकर हम काफी खुश हैं। फेडरेशन आने वाले महीनों में इस तरह की और अधिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराएगा।""
भारत समाचार
इंडिया साइक्लोथॉन प्रतियोगिता में शामिल हुए 6,000 साइकिल चालक





















