बीजिंग। चीन में एक महिला ने फिल्म देखने के दौरान अत्यधिक विज्ञापन दिखाने पर सिनेमा हॉल और फिल्म वितरक पर मुकदमा दायर किया है।
महिला का कहना है कि इससे उसके समय की बर्बादी हुई और चयन की स्वतंत्रता का उल्लघंन हुआ है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार चेन जिआवोमेई ने यांता जिले के पीपुल्स कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। चेन ने "जियान पॉलीबोना इंटरनेशनल सिनेमा" (पॉलीबोना) में दो फिल्म देखा। उन्होंने बताया टिकट पर ऎसी कोई चेतावनी या संकेत नहीं था कि फिल्म शुरू होने से पहले 20 मिनट तक विज्ञापन दिखाया जाएगा। मुकदमे में कहा गया है कि दर्शकों को यह पता नहीं था कि कब तक विज्ञापन चलेगा। दर्शक फिल्म शुरू होने का इंतजार करते रहे। इसके चलते उनके समय की बर्बादी हुई और उनके चयन के अधिकार का उल्लघंन हुआ। चेन ने इसके लिए पॉलीबोना और फिल्म वितरक "हुआई ब्रदर्स मीडिया कॉरपोरेशन" से टिकट की कीमत वापस करने, समय की बर्बादी और भावनात्मक ठेस पुहंचाने के लिए मुआवजे की मांग की है।





















