दुबई। मैच फिक्सिंग के आरोपों से घिरे पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सलमान बट्ट और युवा गेंदबाज मोहम्मद आमेर अपने निलम्बन के खिलाफ दायर अपील की सुनवाई के लिए शुक्रवार को दुबई पहुंचे।
दुबई में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का मुख्यालय है और इसी स्थान पर इस मामले की सुनवाई के लिए आईसीसी के आचार संहिता समिति के प्रमुख माइकल बेलॉफ बट्ट और आमेर की दलीलें सुनेंगे। बेलॉफ शनिवार और रविवार को बट्ट और आमेर का पक्ष सुनेंगे।
बट्ट और आमेर पूरी तैयारी के साथ सुनवाई के लिए पहुंचे हैं। उनके साथ उनके वकील भी हैं। इस मामले में शामिल तीसरे पाकिस्तानी खिल़ाडी मोहम्मद आसिफ ने अपनी अपील वापस ले ली है। तीनों खिलाडियों को आईसीसी द्वारा दो सितम्बर को निलम्बित किया गया था।
बट्ट, आमेर और आसिफ पर इंग्लैंड के साथ सितम्बर में लॉड्र्स में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान स्पॉट फिक्सिंग करने का अरोप है।
समाचार पत्र "न्यूज ऑफ द वल्र्ड" ने एक स्टिंग आपरेशन के माध्यम से इस बात का खुलासा किया था कि तीनों खिलाडियों ने एक पाकिस्तानी सटोरिए से धन लेकर मैच के खास क्षणों में नो-बॉल फेंकी थी।
स्पॉट फिक्सिंग आरोप लगने के बाद से ही तीनों खिल़ाडी राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे हैं। बट्ट की कप्तानी छीनी जा चुकी है और इस दौरान पाकिस्तानी टीम ने इंग्लैंड के साथ एकदिवसीय श्रृंखला खेली। इसके बाद उसका सामना संयुक्त अरब अमीरात में ही दक्षिण अफ्रीका के साथ हो रहा है। दुबई भी संयुक्त अरब अमीरात में स्थित है।
भारत समाचार
आमेर और बट्ट सुनवाई के लिए दुबई पहुंचे





















