ग्वांगझू। आज होने वाले एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में अगर निशानेबाज गगन नारंग भारतीय ध्वजवाहक नहीं बन पाते है तो बैडमिंटन खिलाडी साइना नेहवाल भारतीय दल की अगुवाई करेंगी। भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख सुरेश कलमाडी गुरूवार को खेल गांव में भारतीय तिरंगा फहराए जाने के बाद कहा कि हम चाहते है कि उद्घाटन समरोह में गगन नारंग भारतीय ध्वजवाहक बने, लेकिन इसका फैसला उन्हें करना है। यदि वह ऎसा करने में असमर्थ रहते है तो फिर साइना को यह सम्मान मिलेगा। हमने उन्हें स्टैड बाई के तौर पर रखा है। कलमाडी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले नारंग का उद्घाटन समारोह के बाद अगले दिन यानी 13 नवंबर को पहली स्पर्धा है। इसलिए हो सकता है कि समारोह में भाग न ले। उन्होंने कहा कि नारंग को अगले दिन सुबह ही अपने पहले इवेंट में भाग लेना है। हमने फैसला पूरी तरह से उनके ऊपर छोड दिया है।
भारत समाचार
नारंग के इनकार पर साइना होंगी ध्वजवाहक





















