नई दिल्ली/लंदन। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना के श्रीलंका दौरे पर एक महिला "सट्टेबाज" के साथ देखे जाने संबंधी एक ब्रिटिश अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट का खंडन किया है।
ब्रिटेन के समाचार पत्र "द संडे टाइम्स" के अनुसार रैना को इसी साल की शुरूआत में भारतीय टीम के श्रीलंका दौरे के दौरान एक महिला के साथ देखा गया था, जिसके एक सट्टेबाज के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। इससे रैना के सट्टेबाजी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस संबंध में क्रिकेट श्रीलंका ने बीसीसीआई को सूचित किया था। अखबार का दावा है कि सुरक्षा के नजरिए से होटल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। भारतीय टीम जिस होटल में ठहरी उसी में रैना एक महिला के साथ देखे गए जिसके एक ब़डे सटोरिए से रिश्ते हैं। रैना और उस महिला की तस्वीरें सीसीसीटी फुटेज में कैद हो गई थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि सीसीटीवी की फुटेज श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड की ओर से बीसीसीआई को सौंपी गई थी। बाद में इसकी जांच आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक एवं सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) को सौंप दी गई। रवि सवानी की अगुवाई वाली एसीएयू टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि श्रीलंकाई बोर्ड ने यह फुटेज आईसीसी को देने से पहले बीसीसीआई को क्यों सौंपी। नियमानुसार उसे सबसे पहले इस बारे में आईसीसी को इत्तला करना चाहिए था। इसे लेकर बीसीसीआई ने रविवार को अपना पक्ष साफ किया। बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने इस रिपोर्ट को निराधार करार दिया। श्रीनिवासन ने यह भी कहा कि उनके द्वारा एसएलसी पर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव डाले जाने की बात भी निराधार है। श्रीनिवासन ने कहा, ""बीसीसीआई यह साफ करना चाहती है कि उसे एसएलसी से कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट भारत को भेजे जाने के संबंध में मीडिया ने खबर प्रकाशित की थी लेकिन यह बिल्कुल निराधार और गलत है।"" गौरतलब है कि 23 साल के रैना भारतीय टीम के मध्यक्रम की रीढ़ बनते जा रहे हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हैं। रैना को विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली खिलाडियों में एक माना जाता है। वह श्रीलंका दौरे में भारतीय टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं।
भारत समाचार
बीसीसीआई ने रैना से जु़डी रिपोर्ट का खंडन किया





















