कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

मोदी कमिश्नर से निलंबित, गवर्निग काउंसिल की बैठक शुरू

मुंबई। आईपीएल-3 की आखिरी गेंद के तुरंत बाद मध्य रात्रि को आईपीएल चेयरमैन और कमिश्नर ललित मोदी को उनके पद से निलंबित कर दिया गया। इसी के साथ बीसीसीआई ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजकर 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
इस बीच वर्तमान में बीसीसीआई के मुंबई स्थित दफ्तर में आईपीएल गवर्निग की बैठक शशांक मनोहर की अध्यक्षता में चल रही है, जिसमें मोदी पर आरोप तय होने हैं। मोदी की गैर मौजूदगी में चल रही बैठक में एन. श्रीनिवासन, निरंजन शाह, आईएस बिंद्रा, रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर, अरूण जेटली, पटौदी भाग ले रहे हैं। केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला और एमपी पांडवे बैठक में मौजूद नहीं हैं।
बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने बीसीसीआई के नियम 32 के पैरा 7 के तहत मिले विशेषाधिकार के इस फैसले की जानकारी दी गई। मोदी को एक कारण बताओ नोटिस भी भेजा है। साथ ही ई-मेल के जरिए मोदी को बीसीसीआई के इस फैसले की जानकारी दी गई। इसमें 22 बिंदुओं पर चार्जशीट देकर पूछा गया है कि क्यों न उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बोर्ड ने उनसे इसका 15 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
शशांक मनोहर ने अपने ई-मेल में लिखा है कि पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं ने कई दुखद बातों को अंजाम दिया। जहां एक तरफ हम आईपीएल-तीन की सफलता पर खुशियां मना रहे हैं, वहीं बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी के गैरकानूनी कामों की वजह से क्रिकेट के इस खेल के संचालन का नाम बदनाम हुआ है। मैं आईपीएल-तीन के पूरे कार्यक्रम को खराब नहीं करना चाहता था इसलिए मैं इस बारे में कोई प्रतिक्रिया देने के लिए आईपीएल-3 2010 के खत्म होने का इंतजार कर रहा था। आईपीएल के फाइनल मैच के खत्म होते ही, बीसीसीआई के सेक्रेटरी एन श्रीनिवासन ने मुझ से बात करके ललित मोदी को नियम 32 (i1) के तहत कारण बताओ जारी किया। इसके तहत 15 दिन में उनके खिलाफ कार्रवाई न करने का कारण बताना होगा। साथ ही 32 (1ii) के तहत मैंने ललित मोदी को बोर्ड, आईपीएल, कार्यकारी कमेटी और बीसीसीआई की किसी अन्य कमेटी में भाग लेने सं निलंबित कर दिया है। गौरतलब है कि मोदी ने कल अचानक पलटी खाते हुए कहा था कि वह आईपीएल गवर्निग काउंसिल की बैठक में भाग लेंगे और उसकी अध्यक्षता करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने बैठक का एजेंडा काउंसिल सदस्यों को भेजा है। वह उनके खिलाफ तथा काउंसलि के अन्य किसी सदस्य पर लगाए आरोपों को सुनेंगे। लेकिन वह ऎसा कर पाते उससे पहले उनकी छुट्टी कर दी गई। मोदी के इस नए पैंतरे के कारण ही संभवत: बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने आईपीएल-3 की समाप्ति के साथ ही मध्य रात्रि में उन्हें निलंबित कर दिया और बीसीसीआई एव आईपीएल की किसी भी गतिविधि में भाग लेने से रोक दिया।
आईपीएल की गवर्निग काउंसिल में मोदी सहित 14 सदस्य हैं। इनमें बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन, आईपीएल उपाध्यक्ष निरंजन शाह, आईसीसी के प्रधान सलाहकार इंद्रजीत सिंह बिंद्रा, बीसीसीआई कोषाध्यक्ष एमपी पांडवे, बीसीसीआई उपाध्यक्ष चिरायु अमीन और अरूण जेटली, बीसीसीआई के संयुक्त सचिव संजय जगदले, जम्मू एवं कश्मीर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, बीसीसीआई प्रवक्ता राजीव शुक्ला, पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, मंसूर अली पटौदी और रवि शास्त्री शामिल हैं।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें