जोहांसबग। चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण के ग्रुप-बी में मंगलवार को बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स ने दक्षिण अफ्रीका के लायंस क्लब को छह विकेट से पराजित कर दिया।
विराट कोहली को शानदार 49 रन बनाने के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर की टीम ने 19 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 160 रन बना लिए। बेंगलोर की ओर से विराट कोहली ने तूफानी पारी खेलते हुए 29 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 49 रन बनाए। मनीष पांडे ने 36 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए। राहुल द्रवि़ड ने 33 और कैमरन व्हाइट ने 19 रनों का योगदान दिया। लायंस की ओर से क्लिफ डेकॉन, रिचर्ड कैमरन और एरॉन फेनगीसो को एक-एक विकेट मिला। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। लायंस की ओर से एल्बिरो पीटरसन 13वें ओवर में 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुंबले ने बोल्ड किया। नील मैकेंजी ने 35 गेंदों में चार चौके की मदद से 39 रन बनाए।
लायंस का पहला विकेट चौथे ओवर में जोनाथन वान्डियार के रूप में गिरा। उन्होंने 11 रन बनाए। चौथे ही ओवर में रिचर्ड कैमरन बगैर खाता खोले पेवेलियन लौट गए। इसके बाद आठवें ओवर में वॉन वैन जार्सवेल्ड 24 और जेंडर दे ब्रयूइन सात रन बनाकर आउट हुए। राबर्ट फ्राइलिंक 22 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलोर की ओर से विनय कुमार ने दो जबकि अनिल कुंबले और डिल्लन डयू प्रीज को एक-एक विकेट मिला। लायंस की टीम तालिका में दो मैच जीतकर कुल चार अंकों के साथ दूसरे क्रम पर है। दूसरी ओर इस मैच में जीत दर्ज करने के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स के भी चार अंक हो गए। चैलेंजर्स की टीम मुंबई से हार चुकी है जबकि लायंस की टीम उद्घाटन मुकाबले में मुंबई पर भारी प़डी थी। इसके बाद उसने गयाना को भी हराया था। उसे एकमात्र हार आस्टे्रलियाई क्लब साउथ आस्टे्रलिया के हाथों मिली है। चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्टे्रलिया से साउथ आस्टे्रलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। 10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है।
ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्टे्रलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं। प्रत्येक ग्रुप की दो-दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
भारत समाचार
चैम्पियंस लीग : बेंगलोर ने लायंस को 6 विकेट से हराया





















