नरसिंहपुर । मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में दफनाई गई लावारिस लाशें गायब होने का मामला सामने आया है। यह खुलासा तब हुआ है जब एक व्यक्ति की दफनाई गई लाश गायब पाई गई। जानकारी के मुताबिक पिछले दिनां रेलवे स्टेशन के करीब पटरी पर एक वृद्ध की लाश मिली थी, शिनाख्त न होने पर राजकीय रेलवे पुलिस ने पास्टमार्टम कराने के बाद उसके शव को नकटुआ ग्राम पंचायत के श्मशान में दफना दिया गया था।
जिस व्यक्ति की लाश दफनाई गई थी उसकी शिनाख्त कप़डों से सिवनी निवासी गल्ला व्यापारी बिरदी जैन (70 वर्ष) के रूप में हुई। बिरदी के परिजन तमाम कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद मंगलवार को जब लाश को निकलवाने मौके पर पहुंचे तो वहां लाश नहीं मिली। इसके बाद तलाशी के लिए आसपास दफनाई गई लावारिस और बच्चों की लाश को देखने के लिए कब्र को खोदा गया तो वे भी गायब पाई गईं।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) मनोज ठाकुर ने स्वीकारा है कि खुदाई के दौरान दफनाई गई लाश नहीं मिली है, लिहाजा उन्होंने कलेक्टर से इस पूरे मामले की मजीस्ट्रियल जांच कराने का अनुरोध किया है। कई लाशों के गायब होने से आशंका जताई जा रही है कि कहीं इस इलाके में शव चुराने वाला गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
भारत समाचार
दफनाई गईं लाशें गायब!





















