न्यूयार्क। पांच बार के चैम्पियन रोजर फेडरर फ्रांस के पॉल हेनरी मैथ्यू को हराकर अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंच गए हैं।
दूसरी वरीयता प्राप्त फेडरर ने मैथ्यू को 6-4, 6-3, 6-3 से पराजित किया। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक फेडरर अमेरिकी ओपन में लगातार सातवीं बार फाइनल खेलने के लिए प्रयासरत हैं। बीते छह मौकों में उन्होंने पांच बार खिताबी जीत हासिल की है जबकि बीते वर्ष उन्हें अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोटरो के हाथों फाइनल में हार का सामना करना प़डा था। फेडरर अपने करियर के 17वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए प्रयासरत हैं। अमेरिकी ओपन में उनका रिकार्ड 54-5 का रहा है। उन्होंने यहां कुल 59 मैच खेले हैं, जिनमें से 54 में उन्हें जीत मिली है। फेडरर के अलावा तीसरे वरीयता प्राप्त सर्बियाई खिल़ाडी नोवाक जोकोविक भी चौथे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। जोकोविक ने तीसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका के जेम्स ब्लैक को 6-1, 7-6 (7-4), 6-3 से पराजित किया। अगले दौर में जोकोविक का सामना अमेरिका के ही मार्डी फिश से होगा। फिश ने शानदार खेल दिखाते हुए फ्रांसीसी खिल़ाडी अर्नाड क्लीमेंट को 4-6, 6-3, 6-4, 1-6, 6-3 से पराजित किया। इसके अलावा दो बार फ्रेंच ओपन का फाइनल खेल चुके रोबिन सोल्डरलिंग ने हॉलैंड के थिएमो दे बेक्कर को 6-2, 6-3, 6-3 से हराया जबकि स्पेन के अल्बर्ट मोंटेनेस ने चौथे दौर में जगह बनाने के लिए जापान के केई निशिकोरी को पराजित किया। निशिकोरी हालांकि चोट के कारण मैच पूरा नहीं कर सके। खेल रोके जाने वह तक 6-2, 2-1 से पिछ़ड रहे थे।





















