कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

चैलेंजर्स के सामने साउथ आस्टे्रलिया का विजय रथ रोकने की चुनौती

डरबन। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में तीसरे स्थान पर रही बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स टीम दक्षिण अफ्रीका में जारी चैम्पियंस ट्वेंटी-20 लीग के दूसरे संस्करण के 11वें मुकाबले में शुक्रवार को साउथ आस्टे्रलिया टीम के सामने होगी।

आईपीएल के दूसरे संस्करण का फाइनल खेल चुकी अनिल कुंबले की टीम में बेशक एक से बढ़कर एक दिग्गज खिल़ाडी हैं लेकिन किंग्समीड मैदान पर उसे चैम्पियंस लीग में अब तक अपने दोनों मैच जीत चुकी साउथ आस्टे्रलिया टीम को हराने में काफी दिक्कतों का सामना करना प़ड सकता है। रॉयल चैलेंजर्स की टीम अपना दूसरा मैच खेलेगी जबकि साउथ आस्ट्रेलिया की टीम लगातार तीसरी जीत के लिए प्रयासरत होगी। रॉयल चैलेंजर्स ने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज जैक्स कैलिस के हरफनमौला खेल की बदौलत वेस्टइंडीज के क्लब गयाना को नौ विकेट से हराया था। दूसरी ओर, साउथ आस्टे्रलियाई टीम ने अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका के लायंस क्लब को पटखनी दी थी। लायंस की टीम ने अपने पहले मैच में आईपीएल की उपविजेता मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी थी। इसके बाद अपने दूसरे मुकाबले में साउथ आस्टे्रलिया ने मुंबई इंडियंस को भी धूल चटा दी। ग्रुप-बी में साउथ आस्ट्रेलिया की टीम दो मैचों से सर्वाधिक चार अंक जुटाकर पहले स्थान जबकि रॉयल चैलेंजर्स के एक मैच से दो अंक हैं। इस ग्रुप में लायंस ने एक मैच जीतकर दो अंक जुटाए हैं लेकिन मुंबई इंडियंस और गयाना का खाता नहीं खुला है। मुंबई को गुरूवार को अपना तीसरा मैच खेलना है। उसका सामना गयाना से होगा।

विविध विशेषताओं वाली टीमों ने चैम्पियंस लीग को खास बना दिया है। वर्ष 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है। चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्टे्रलिया से साउथ आस्टे्रलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। 10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्टे्रलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं।  

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें