नई दिल्ली। दाल, दूध और फल सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के कारण 29 मई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान खाद्य पदार्थो की महंगाई दर बढ़कर 16.74 फीसदी हो गई। इससे पूर्व के सप्ताह में यह दर 16.55 फीसदी थी।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरूवार को जारी थोक मूल्य सूचकांक में खाद्य पदार्थो के सूचकांक में 0.4 फीसदी की जबकि गैर खाद्य पदार्थो के सूचकांक में एक फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान ईधन की कीमतों में 14.23 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि इससे पूर्व के सप्ताह में इसमें 14.14 फीसदी की वृद्धि हुई थी। प्राथमिक वस्तुओं में 17.21 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि इससे पूर्व के सप्ताह में इसमें 16.89 फीसदी की वृद्धि हुई थी। 52 सप्ताह पूर्व की तुलना में विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में आया परिवर्तन निम्नलिखित है- दाल : 31.86 फीसदी दूध : 21.12 फीसदी चावल : 7.12 फीसदी अनाज : 5.13 फीसदी गेहूं :3.4 फीसदी आलू : (-)30.87 फीसदी प्याज : (-) 12.27 फीसदी अप्रैल में मासिक मुद्रास्फीति की दर 9.59 फीसदी थी।





















